जनता का मुझ पर भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत है: भगवंत मान

जनता का मुझ पर भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत है: भगवंत मान

जनता का मुझ पर भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत है: भगवंत मान
Modified Date: July 19, 2026 / 11:48 pm IST
Published Date: July 19, 2026 11:48 pm IST

जालंधर, 19 जुलाई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को कहा कि जनता द्वारा उन पर जताया गया भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इसके साथ ही उन्होंने पूरी ईमानदारी, समर्पण तथा पारदर्शिता के साथ राज्य की सेवा करने का संकल्प लिया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जालंधर जिले के नकोदर में एक वार्षिक मेले के दौरान डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह के दरबार में माथा टेकने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मान ने पंजाब की शांति, समृद्धि और चौमुखी विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

मान ने कहा, ‘हम सभी मिलकर श्री गुरु रविदास जी महाराज का आगामी 650वां प्रकाश पर्व मनाएंगे। पंजाब धार्मिक सद्भाव और स्वतंत्रता की भूमि है। विभाजनकारी ताकतें यहां कभी सफल नहीं हो सकतीं क्योंकि हमारा सामाजिक ताना-बाना बहुत मजबूत है। पंजाब के लोग अच्छे और कठिन दोनों समय में हमेशा एक साथ खड़े रहते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘पंजाब की जनता ने मुझे राज्य की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी है और मैं इस कर्तव्य को पूरी ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ निभा रहा हूं।’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैंने कड़ी मेहनत के जरिए पंजाब के लोगों का विश्वास अर्जित किया है और मैं उस विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा।’

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष


लेखक के बारे में