पीयूष मिश्रा ने रांची में आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की

Ads

पीयूष मिश्रा ने रांची में आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 06:59 PM IST

रांची, आठ अगस्त (भाषा) गायक-अभिनेता पीयूष मिश्रा ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से शनिवार को मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन दिया।

मिश्रा रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां सरकारी नौकरी के अभ्यर्थी पिछले दो सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह आंदोलन का समर्थन करते हैं, क्योंकि वे बिना किसी राजनीतिक भागीदारी के इसे जारी रखे हुए हैं।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा, “मेरी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी और मेरी ओर से जितना भी संभव होगा, मैं आपका समर्थन करूंगा।”

उन्होंने राज्य सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करने और उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया।

मिश्रा ने अपना लोकप्रिय गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया।

बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और रांची के प्रदर्शन को अलग-अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “दिल्ली के प्रदर्शन में पूरे भारत के युवाओं ने हिस्सा लिया था। झारखंड भी देश का हिस्सा है और यहां के प्रदर्शन को अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। मेरा मानना है कि सभी को इस बारे में बात करनी चाहिए।”

आंदोलन के एक नेता ने कहा कि मिश्रा के आने से उन्हें नया उत्साह मिला है।

उन्होंने कहा, “वह बॉलीवुड से हमारे आंदोलन का समर्थन करने आए। उन्होंने हमारे प्रदर्शन के तरीके की भी सराहना की।”

राज्य सरकार और पांच छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बावजूद गतिरोध खत्म नहीं हुआ है। आंदोलन शुरु हुए 15 दिन हो गए हैं।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार रविवार तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो वे 10 अगस्त को विधानसभा की ओर मार्च करेंगे।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश