रायचूर, 10 मई (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस टिप्पणी को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि राज्य में मुख्यमंत्री की कुर्सी ‘डगमगा’ रही है।
शिवकुमार ने रायचूर जिले के लिंगासागुर में पत्रकारों से कहा, “कर्नाटक में कोई कुर्सी नहीं डगमगा रही। सभी कुर्सियां स्थिर हैं। मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री किस बात का जिक्र कर रहे हैं।”
शिवकुमार कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष भी हैं।
शिवकुमारवे प्रधानमंत्री के उस बयान का जवाब दे रहे थे, जिसमें राज्य सरकार के भीतर सत्ता संघर्ष का आरोप लगाया गया था।
खबरों के मुताबिक, जब कांग्रेस आला कमान ने सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री चुना था, तब अनौपचारिक रूप से यह तय हुआ था कि सरकार के आधे कार्यकाल पूरे होने के बाद शिवकुमार मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे।
हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने सार्वजनिक रूप से ऐसी किसी भी व्यवस्था की पुष्टि नहीं की।
मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था और राज्य में सत्तारूढ़ दल पर ‘कर्नाटक में आंतरिक सत्ता संघर्ष के कारण सुशासन प्रदान करने में विफल रहने और जनता के साथ विश्वासघात करने’ का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘परजीवी पार्टी’ बन गई है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप