कन्नूर/मलप्पुरम (केरल), छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से पैदा हुई चिंताओं को दूर करने में ‘नाकाम’ रहे हैं, जिसका असर लाखों भारतीयों पर पड़ रहा है।
केरल में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के तहत विभिन्न नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए, उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा और हिफाजत के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
वायनाड की सांसद ने आरोप लगाया, ‘‘जब पश्चिम एशिया जैसा कोई संकट आता है, तो हमारी सरकारें हमारे लोगों की रक्षा के लिए कुछ भी नहीं करतीं। वे न तो कोई सुरक्षा मुहैया कराती हैं, न ही कोई हिफाज़त और न ही हमारे लोगों को वापस लाने की कोई योजना।’’
पश्चिम एशिया की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत को और भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘‘मोदीजी अमेरिका और इजराइल के आगे झुकने में बहुत ज्यादा व्यस्त हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास एक ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो (पश्चिम एशिया) युद्ध से दो दिन पहले ही इज़राइल दौड़कर चले जाते हैं, और वहाँ से अपने नाम पर पदक प्राप्त करते हैं।’’
इसी तरह, उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर भी ‘‘मोदीजी के आगे झुकने में बहुत ज्यादा व्यस्त’’ होने का आरोप लगाया।
उनके अनुसार, देश में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और केंद्र सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र अमेरिका के हवाले कर दिया है।
प्रियंका ने कहा, ‘‘आज, अमेरिका यह तय करता है कि हमें अपना तेल कहां से खरीदना चाहिए, किससे खरीदना चाहिए और कैसे खरीदना चाहिए।’’
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने ऐसे समझौते किए हैं जिनसे भारतीय किसानों को नुकसान होगा, क्योंकि उन्हें बड़ी मशीन से खेती वाले अमेरिकी खेतों से मुकाबला करना पड़ेगा।
प्रियंका ने कहा, ‘‘उन्होंने हम पर टैरिफ (शुल्क) लगाए हैं और हमने उनके लिए कर हटा दिए हैं। हम अमेरिका से नौ लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदने जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियां देश की समस्याओं को और बढ़ा देंगी।
वाद्रा ने आगे आरोप लगाया कि ‘‘सांप्रदायिक राजनीति और भ्रष्टाचार’’ देश को पीछे धकेल देंगे, और उन्होंने ऐसी निर्णायक प्रगति और नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया जिस पर लोग भरोसा कर सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘एक भारतीय के तौर पर, मुझे दुख होता है कि हमारा नेतृत्व असल में ऐसे समझौतावादी नेता कर रहे हैं जो कायर हैं।’’
वाद्रा ने कहा अब लोगों के जागने का समय आ गया है।
उनकी ये टिप्पणियां प्रधानमंत्री मोदी के उस आरोप के दो दिन बाद आईं, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर ‘‘भड़काऊ’’ बयान देने का आरोप लगाया था। मोदी ने कहा था कि कांग्रेस के इन बयानों का मकसद पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों में तनाव पैदा करना है, ताकि उन्हें राजनीतिक नुकसान पहुंचाया जा सके और इस तरह राजनीतिक फायदा उठाया जा सके।
कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जोरदार हमला बोलते हुए, मोदी ने कहा कि उन्हें सिर्फ चुनाव जीतने की फिक्र है।
प्रधानमंत्री ने तिरुवल्ला में राजग की रैली में कहा था, ‘‘मैं यह साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन भारतीयों की सुरक्षा-खासकर पश्चिम एशिया में रहने वाले केरल के लोगों की सुरक्षा-मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, और मैं इसे सुनिश्चित करूंगा।’’
भाषा नेत्रपाल रंजन
रंजन