नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां मिशन प्रमुखों के सम्मेलन में भाग लिया जहां व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारियों को आगे बढ़ाकर भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई।
सम्मेलन में विश्वभर के प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘नयी दिल्ली में आयोजित मिशन प्रमुखों के सम्मेलन में भाग लिया। हमने व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देकर भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने और प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की।’
इस सम्मेलन में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिवों पी के मिश्रा तथा शक्तिकांत दास सहित अन्य ने भाग लिया।
विश्व भर में स्थित राजनयिक मिशनों में तैनात भारतीय राजदूतों और उच्चायुक्तों ने सम्मेलन में शिरकत की।
भाषा राखी वैभव
वैभव