नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति को जिला परिषद चुनाव में समर्थन देने के लिए राज्य के लोगों को सोमवार को धन्यवाद दिया और इसे ‘सुशासन’ के पक्ष में वोट बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘एक बार फिर महाराष्ट्र ने भाजपा और महायुति को आशीर्वाद दिया। नगर निगम और नगरपालिका परिषद चुनाव में भाजपा और महायुति की शानदार सफलता के बाद, महाराष्ट्र के लोगों ने हमें जिला परिषद चुनाव में भी मजबूत जनादेश दिया।’’
भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वाली महायुति जिला परिषद चुनाव में शानदार जीत की ओर अग्रसर है। महायुति ने 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समितियों की कुल 731 सीट के लिए हुए चुनाव में 560 से अधिक सीट पर निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि ग्रामीण और शहरी महाराष्ट्र में राज्य के लोग सुशासन और एक ऐसा गठबंधन चाहते हैं, जो राज्य की गौरवशाली संस्कृति की भावना में काम करे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं महाराष्ट्र के अपने भाइयों और बहनों का आभार व्यक्त करता हूं।’’
मोदी ने महायुति के प्रत्येक कार्यकर्ता की भी सराहना की, जिन्होंने जमीन पर ‘‘बिना थके’’ काम किया और महाराष्ट्र सरकार के ठोस प्रदर्शन रिकॉर्ड तथा अच्छे शासन के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की दृष्टि को विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया।
भाषा
अमित दिलीप
दिलीप