(फाइल फोटो के साथ)
गुवाहाटी, 25 जनवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर यहां आएंगे, जहां वह भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
असम में मोदी की यह तीन महीने में तीसरी यात्रा होगी।
यहां पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री 14 फरवरी को गुवाहाटी आ रहे हैं। पहले कार्यक्रम में, वह ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्करवर्मन सेतु का उद्घाटन करेंगे, जो गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ता है।’’
इसी स्थल पर मोदी गुवाहाटी स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान के अस्थायी परिसर का उद्घाटन करेंगे और केंद्र सरकार की ओर से राज्य को 100 इलेक्ट्रॉनिक बस भेंट करेंगे।
शर्मा ने कहा कि पहले कार्यक्रम में कोई जनसभा नहीं होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कार्यक्रम के बाद, वह शहर के खानापाड़ा मैदान में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करेंगे। रैली में 25,000 बूथ में से प्रत्येक से तीन पदाधिकारी शामिल होंगे।’’
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिब्रूगढ़ जाने की भी संभावना है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘चार-पांच दिनों में कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया जायेगा।’’
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
देवेंद्र