सीबीआई ने एएसआई के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़ा

Ads

सीबीआई ने एएसआई के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़ा

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 01:04 PM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 01:04 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के दो अधिकारियों को आधिकारिक नोटिस रद्द कराने और काम जारी रखने की अनुमति देने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी के अनुसार, जंतर-मंतर स्थित एएसआई के उप-सर्किल में तैनात एक स्मारक परिचारक और एक संरक्षण सहायक के खिलाफ शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया गया।

शिकायत में आरोप है कि स्मारक परिचारक ने संरक्षण सहायक की तरफ से नोटिस रद्द कराने और काम जारी रखने की अनुमति देने के लिए 3.50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

सीबीआई के बयान के अनुसार, आरोपियों ने 3.10 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई और शिकायतकर्ता को एक लाख रुपये आंशिक भुगतान के रूप में देने के लिए कहा।

शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने एक अप्रैल को जाल बिछाया और स्मारक परिचारक को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

एजेंसी ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान संरक्षण सहायक की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई ने एक अन्य मामले में दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तर क्षेत्र के एक कनिष्ठ अभियंता और एक बेलदार को भी कथित तौर पर 80,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह राशि अवैध निर्माण पर तोड़फोड़ की कार्रवाई से बचाने की एवज में मांगी गई थी।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा