प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल परिवर्तनकारी शासन का दौर : अरुणाचल के मुख्यमंत्री खांडू

Ads

प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल परिवर्तनकारी शासन का दौर : अरुणाचल के मुख्यमंत्री खांडू

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 07:03 PM IST

ईटानगर, 10 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी के देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने की सराहना की तथा उनके कार्यकाल को बड़े सुधारों और लोगों का जीवन आसान बनाने वाले शासन का दौर बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ ने अरुणाचल को ‘‘रणनीतिक रूप से नजरअंदाज’’ किये गए सीमावर्ती राज्य की श्रेणी से हटाकर भारत के विकास और सुरक्षा दृष्टि के एक अहम प्रवेश द्वार और स्तंभ के तौर पर स्थापित किया है।

मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए खांडू ने 2014 के बाद से राज्य में कनेक्टिविटी, अवसंरचना, पनबिजली, सीमावर्ती इलाकों के विकास और कल्याणकारी क्षेत्रों में हुई बड़ी प्रगति का जिक्र किया।

अरुणाचल प्रदेश के लोगों की ओर से लिखे गए एक पत्र में, मुख्यमंत्री ने केंद्र से लगातार मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया और कहा कि उनके नेतृत्व में साहसिक सुधार, नि:स्वार्थ सेवा और लोगों का जीवन आसान बनाने की दिशा में काम हुआ है।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश