प्रधानमंत्री चाहते हैं कि जनता मुश्किल भी झेले और उनके भाषणों की ‘मेलोडी’ का आनंद भी ले: खरगे

प्रधानमंत्री चाहते हैं कि जनता मुश्किल भी झेले और उनके भाषणों की ‘मेलोडी’ का आनंद भी ले: खरगे

Modified Date: May 20, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: May 20, 2026 5:44 pm IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, ‘घटते’ निवेश और डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट जैसे मुद्दों को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि वह (मोदी) अपना प्रचार जारी रखे हुए हैं, जबकि अर्थव्यवस्था संकट का सामना कर रही है।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह दावा भी किया प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि जनता उनकी सरकार की लूट के कारण पैदा होने वाली ‘मुश्किल’ से बचे रहने की कोशिश करने के साथ उनके भाषणों की ‘मेलोडी’ (राग) का आनंद उठाए।’

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मोदी सरकार में पिछले 11 वर्षों में प्रत्येक भारतीय पर औसत कर्ज 11 गुना बढ़ गया है, जबकि अरबपतियों की कुल संपत्ति 97.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी की कीमत 121 प्रतिशत बढ़ गई है, जो 2014 में 414 रुपये से बढ़कर 2026 में 915.5 रुपये हो गई है।

उनका कहना है कि वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में लगभग 154 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है और अब यह 1,241 रुपये से बढ़कर 3,152 रुपये हो गया है।

खरगे ने कहा, ‘‘हाल ही में ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के साथ, सरकारी तेल कंपनियों ने कुछ ही घंटों में लगभग 12,400 करोड़ रुपये कमाए, जबकि लगातार (बढ़ती) कीमतों के दबाव में लोगों का दम घुट रहा है।’’

भाजपा शासन के तहत बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और पेपर लीक का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मार्च, 2026 में युवा बेरोजगारी (15 से 29 वर्ष की आयु) बढ़कर 15.2 प्रतिशत हो गई है, जो नौ महीने की चरम सीमा पर है तथा यह गहराते आर्थिक संकट को दर्शाती है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा शासन के तहत 10 वर्षों में 90 परीक्षाओं के पेपर लीक ने भर्ती की विश्वसनीयता को खत्म कर दिया है और लगभग नौ करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।’’

भाषा हक हक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में