राजग के लिए विक्रवंडी उपचुनाव लड़ेगी पीएमके : अन्नामलाई

Ads

राजग के लिए विक्रवंडी उपचुनाव लड़ेगी पीएमके : अन्नामलाई

  •  
  • Publish Date - June 14, 2024 / 08:31 PM IST,
    Updated On - June 14, 2024 / 08:31 PM IST

चेन्नई, 14 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) 10 जुलाई को विक्रवंडी विधानसभा क्षेत्र में होने वाला उपचुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अन्नामलाई ने एक बयान में गठबंधन दलों से विक्रवंडी निर्वाचन क्षेत्र में राजग उम्मीदवार की जीत के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

पीएमके के प्रवक्ता के बालू ने संवाददाताओं को बताया कि अंबुमणि रामदास और संस्थापक एस रामदास के नेतृत्व में उनकी पार्टी का नेतृत्व उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम पर विचार-विमर्श कर रहा है और पार्टी एक या दो दिन में उम्मीदवार की घोषणा कर देगी।

सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने जहां अपने पदाधिकारी अन्नियुर शिवा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, वहीं मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने अभी तक कोई घोषणा नहीं की है। तमिल राष्ट्रवादी पार्टी नाम तमिलर काची ने होम्योपैथी चिकित्सक अभिनया को अपना उम्मीदवार बनाया है।

भाषा रवि कांत माधव

माधव