मोहन यादव के मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी ‘मिलीभगत’ का संकेत : कांग्रेस
मोहन यादव के मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी ‘मिलीभगत’ का संकेत : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े कथित भूमि घोटाले को लेकर पूरा तंत्र उन्हें बचाने में लगा हुआ है और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी उनकी ‘मिलीभगत’ का संकेत देती है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि कांग्रेस ‘भ्रष्टाचारियों और उनके संरक्षकों’ को बेनकाब करके रहेगी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘देश मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा महाकाल की नगरी उज्जैन में की गई जमीन की लूट का हिसाब मांग रहा है, लेकिन पूरा तंत्र उन्हें बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है।’
रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा-आरएसएस नेता उज्जैन से लेकर अयोध्या तक भ्रष्टाचार के घिनौने रिकॉर्ड बना रहे हैं। इस महालूट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शर्मनाक चुप्पी मिलीभगत का संकेत दे रही है।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी मध्यप्रदेश में कथित जमीन घोटाले के खिलाफ जनता के साथ सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी।
रमेश ने कहा, ‘हम भ्रष्टाचारियों और उनके संरक्षकों को बेनकाब करके ही दम लेंगे।’
पिछले दिनों अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर में दावा किया गया था कि दिसंबर, 2023 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव के परिवार और उनसे जुड़ी रियल एस्टेट कंपनियों ने उज्जैन में 137 भूखंड खरीदे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई ने राज्य के मुख्यमंत्री यादव पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि जब भी राज्य में पिछड़ा वर्ग का कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री बना, कांग्रेस ने उसे कमजोर करने का प्रयास किया।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश

Facebook


