प्रधानमंत्री का मणिपुर दौरा महज ‘प्रतीकात्मक’ था: कांग्रेस
प्रधानमंत्री का मणिपुर दौरा महज ‘प्रतीकात्मक’ था: कांग्रेस
इम्फाल, 13 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की मणिपुर इकाई ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस पूर्वोत्तर राज्य की यात्रा को सिर्फ ‘‘प्रतीकात्मक’’ करार देते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने (मोदी ने) आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के पुनर्वास के बारे में ‘‘कुछ नहीं’’ कहा।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता ओकराम इबोबी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण में राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों पर मुक्त आवाजाही के बारे में भी कुछ नहीं कहा गया है।
सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी ने 60,000 आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों और उनके पुनर्वास के बारे में कुछ नहीं कहा। उन्होंने मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता पर भी कुछ नहीं कहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए पैकेज की घोषणा करनी चाहिए थी।’’
मई 2023 में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद मणिपुर की अपनी पहली यात्रा के दौरान, मोदी ने सभी मूहों से हिंसा छोड़ने का आग्रह किया, लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र हिंसा से तबाह हुए जीवन के पुनर्निर्माण में उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जातीय हिंसा भड़कने के बाद से प्रधानमंत्री ने पिछले 28 महीनों में राज्य का दौरा नहीं किया है।
मेघचंद्र ने कहा, ‘‘राज्य के लोग लंबे समय से दुख-दर्द झेल रहे हैं। वे खुश नहीं हैं। यहां स्वतंत्र आवाजाही बिल्कुल नहीं है। प्रधानमंत्री ने सिर्फ विकास परियोजनाओं की बात की। इनमें से कुछ परियोजनाएं कांग्रेस के शासनकाल में शुरू हुई थीं। उनका दौरा सिर्फ प्रतीकात्मक था।’’
भाषा देवेंद्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


