पुलिस ने लंबी दूरी की गश्त की, आतंकवाद निरोधक पूर्वाभ्यास किया

पुलिस ने लंबी दूरी की गश्त की, आतंकवाद निरोधक पूर्वाभ्यास किया

पुलिस ने लंबी दूरी की गश्त की, आतंकवाद निरोधक पूर्वाभ्यास किया
Modified Date: August 11, 2026 / 08:12 pm IST
Published Date: August 11, 2026 8:12 pm IST

जम्मू, 11 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने, सुरक्षा इंतज़ामों को मजबूत करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने लिए मंगलवार को सांबा ज़िले में लंबी दूरी की गश्त की और आतंकवाद-रोधी पूर्वाभ्यास किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जटवाल से लाला चक तक लगभग 20 किलोमीटर की लंबी गश्त की। उन्होंने बताया कि इसके बाद लाला चक पर सीमा पुलिस चौकी पर एक पूर्वाभ्यास किया, ताकि ऐसे आतंकी हमले की स्थिति से निपटने में जवानों की तैयारी का आकलन किया जा सके।

प्रवक्ता ने बताया कि इस पूर्वाभ्यास के दौरान, दो नकली आतंकवादियों को एक ठिकाने पर हमला करते दिखाया गया जिसके जवाब में एसओजी के जवानों ने इलाके की घेराबंदी की और छद्म खतरे का सफलतापूर्वक खात्मा किया।

उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का मकसद कर्मियों की प्रतिक्रिया प्रणाली, तालमेल, रणनीतिक तैयारी और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की क्षमता को परखना था।

सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार ने खासकर आने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर मज़बूत सुरक्षा इंतजाम बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता दोहरायी।

भाषा राजकुमार अमित

अमित


लेखक के बारे में