कानपुर (उप्र), 11 जून (भाषा) कानपुर के साइबर अपराध पुलिस थाने में तैनात एक पुलिस निरीक्षक ने बृहस्पतिवार को यह आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया कि सेवा नियमों का उल्लंघन कर उनसे एक कनिष्ठ अधिकारी के अधीन कार्य कराया जा रहा है।
वर्ष 2005 बैच के निरीक्षक विनय शर्मा ने पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह को अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि वह थाना प्रभारी सतीश कुमार के अधीन अब काम नहीं कर सकते।
उन्होंने दावा किया कि सतीश कुमार सेवा वरिष्ठता में उनसे कनिष्ठ हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘नियमों के अनुसार किसी अधिकारी को अपने समान रैंक या उससे उच्च रैंक के अधिकारी के अधीन कार्य करना चाहिए। मौजूदा व्यवस्था स्थापित सेवा नियमों के विपरीत है।’’
कार्यस्थल के माहौल पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वरिष्ठ होने के बावजूद मुझे बताया जाता है कि क्या सही है और क्या गलत। इसके बाद मुझे फटकार भी लगाई जाती है।’’
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) अंजलि विश्वकर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विनय शर्मा ने त्यागपत्र दे दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह जानने के लिए कि किन परिस्थितियों में त्यागपत्र दिया गया, निरीक्षक का बयान शुक्रवार को दर्ज किया जाएगा।’’
विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया कि शर्मा के त्यागपत्र से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह केवल साइबर थाने से हटना चाहते हैं, अपराध शाखा छोड़ना चाहते हैं या फिर पुलिस सेवा से ही अलग होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी तथ्यों की जांच और सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा।’’
भाषा सं राजेंद्र खारी
खारी