पुलिस ने अलग अलग मामलों में 3.75 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया, 12 लोग पकड़े

Ads

पुलिस ने अलग अलग मामलों में 3.75 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया, 12 लोग पकड़े

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 07:46 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली में चार अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने लगभग 3.75 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए और 12 कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने 882 ग्राम हेरोइन, 514 ग्राम मिलावटी पाउडर और 18.90 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा जब्त किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों शेख फरीद उर्फ दानिश, वसीम खान और नूर सलीम उर्फ शेख मुर्सलीम को भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज एक मामले में चार अगस्त को गिरफ्तार किया।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने फरीद के पास से 102 ग्राम हेरोइन, वसीम के पास से 302 ग्राम हेरोइन और 514 ग्राम मिलावटी पाउडर और सलीम के पास से 42 ग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने बताया कि इसके बाद एक टीम ने शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज एक अन्य मामले में तीन लोगों वैभव जोशी, जसपाल और शुभम को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के पास से लगभग 3.35 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया और जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक महिंद्रा थार को भी जब्त कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि तीसरे अभियान के तहत दो कथित तस्करों, रमेश और सुमित्रा को 19 अगस्त को नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया।

दोनों के पास से लगभग 15.54 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, रमेश पूर्व में पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, एक अन्य अभियान में, अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के चार कथित सदस्यों शाकिब, फरमान, छोटे खान और जब्बार को आठ अगस्त को एक मामले में गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 436 ग्राम हेरोइन बरामद की और कथित तौर पर तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली कार जब्त कर ली।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश

पवनेश