नगालैंड में पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू

Ads

नगालैंड में पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 01:25 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 01:25 PM IST

कोहिमा, 28 जून (भाषा) नगालैंड सरकार ने रविवार को राज्यव्यापी स्वास्थ्य अभियान शुरू किया, जिसके तहत पांच वर्ष से कम उम्र के एक लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोहिमा के सेइखाजौ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) में अभियान की शुरुआत करते हुए राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी इमकोंगतेमसु लोंगचर ने कहा, “नगालैंड में पोलियो का आखिरी मामला 1997 में सामने आया था, जबकि निरंतर ऐसे अभियानों के कारण भारत 2014 से पोलियो मुक्त बना हुआ है।”

उन्होंने बताया कि राज्य में पांच वर्ष से कम उम्र के कुल 1,43,530 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए रविवार को नगालैंड में 2,400 से अधिक पोलियो बूथ बनाए गए।

उन्होंने कहा, “’ओरल पोलियो वैक्सीन’ सुरक्षित, नि:शुल्क और अत्यंत प्रभावी है। समय पर टीकाकरण बच्चों को कई ऐसी बीमारियों से बचाता है जिन्हें टीकों के माध्यम से रोका जा सकता है।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बूथ अभियान के बाद स्वास्थ्य कर्मी सोमवार से घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो रविवार को टीका लेने से वंचित रह गए।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन