हरियाणा के 46 नगर निकायों के लिए मतदान शुरू

Ads

हरियाणा के 46 नगर निकायों के लिए मतदान शुरू

  •  
  • Publish Date - June 19, 2022 / 10:04 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:48 PM IST

चंडीगढ़, 19 जून (भाषा) हरियाणा की 28 नगर पालिका समितियों और 18 नगर परिषदों के लिए मतदान जारी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। नतीजे 22 जून को घोषित किए जाएंगे।

राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन के अलावा आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के कई नेता निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, 28 नगर पालिका समितियों और 18 नगर परिषदों के सभी वार्ड के अध्यक्ष और सदस्यों के चयन के लिए मतदान जारी है।

उन्होंने कहा कि 18 नगर पालिका परिषदों में कुल 456 वार्ड हैं और 12.60 लाख पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 6,63,870 पुरुष, 5,96,095 महिला और 35 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

नगर निगम चुनाव के लिए कुल 1,290 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 289 ‘संवेदनशील’ और 235 ‘अति संवेदनशील’ हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इन मतदान केंद्रों पर 6,450 मतदान कर्मी, 82 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 7,087 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 28 नगर पालिकाओं में 432 वार्ड और कुल 5,70,208 मतदाता हैं, जिनमें से 3,01,677 पुरुष, 2,68,517 महिलाएं और 14 ट्रांसजेंडर हैं।

नगर पालिका चुनाव के लिए कुल 671 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 144 ‘संवेदनशील’ और 92 ‘अति संवेदनशील’ हैं। इन मतदान केंद्रों पर कुल 3,355 मतदान कर्मी, 69 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 5,206 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, कोविड-19 की रोकथाम से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है।

भाषा सुरभि पारुल

पारुल