ओडिशा : कड़ी सुरक्षा के बीच पांच लोकसभा, 35 विधानसभा सीट पर मतदान शुरू
ओडिशा : कड़ी सुरक्षा के बीच पांच लोकसभा, 35 विधानसभा सीट पर मतदान शुरू
भुवनेश्वर, 20 मई (भाषा) ओडिशा में लोकसभा की पांच और विधानसभा की 35 सीट पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अस्का, कंधमाल, बोलांगीर, बारगढ़ और सुंदरगढ़ निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ 35 विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।
ये सभी 35 विधानसभा सीट इन्हीं लोकसभा क्षेत्रों के भीतर आती हैं।
इस चरण में लगभग 79.69 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। राज्य में 7,339 स्थानों पर स्थित 9,162 बूथ पर मतदान हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि कुछ दूरदराज और माओवाद प्रभावित इलाकों में मतदान कुछ वक्त पहले समाप्त हो जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन बी ढल ने आश्वस्त किया कि मतदाताओं की सहूलियत के लिए पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं।
उन्होंने बताया, ”79.69 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में पांच लोकसभा सीट पर 40 और विधानसभा की 35 सीट पर 265 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।”
इस चरण में चुनाव लड़ रहे प्रमुख नेताओं में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, ओडिशा सरकार के छह मंत्री, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद संगीता सिंह देव व जुआल ओरम और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की शामिल हैं।
पटनायक दो विधानसभा क्षेत्रों (गंजाम जिले के हिंजिली और बोलांगीर जिले के कांटाबांजी) से चुनाव लड़ रहे हैं।
भाषा जितेंद्र सिम्मी
सिम्मी

Facebook


