आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए मतदान कल
आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए मतदान कल
आइजोल, 20 अप्रैल (भाषा) आइजोल नगर निगम (एएमसी) के 19 सदस्यों के चुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। एक चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सभी 19 वार्ड के मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। एएमसी चुनाव में 1.28 लाख महिलाओं सहित कुल 2.37 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मतगणना 27 अप्रैल को होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के तहत कुल 2,594 लोग जिनमें वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और बीमार व्यक्ति शामिल हैं पहले ही घर से मतदान कर चुके हैं।
वर्ष 2021 में हुए पिछले एएमसी चुनावों में, मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने 11 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था, उसके बाद जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को छह और कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं।
अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा सुबह नौ बजे मतदान करेंगे।
एएमसी चुनाव के लिए कुल 68 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 28 महिलाएं शामिल हैं। राज्य की सत्तारूढ़ जेडपीएम, मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 11 उम्मीदवारों को नामांकित किया है।
आइजोल नगर निगम के चुनावों को 2028 के अगले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य के राजनीतिक परिदृश्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा की 40 सीटों में से 11 सीटें एएमसी क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


