रांची, 18 जून (भाषा) झारखंड में बृहस्पतिवार को राज्यसभा की दो सीट के लिए मतदान संपन्न हो गया और मतगणना शाम पांच बजे शुरू होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि सभी 81 विधायकों ने विधानसभा परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान किया।
राज्यसभा की इन दो सीट के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा शामिल हैं।
‘क्रॉस वोटिंग’ की आशंका के बीच मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और अपराह्न लगभग तीन बजे तक चला।
मतदान करने वाले 81 विधायकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर शामिल हैं।
झामुमो के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत पर भरोसा जताते हुए कहा, “ ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार दोनों राज्यसभा सीट जीतेंगे।”
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि ‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव जीतेगा।
सबसे पहले मतदान करने वाले जायसवाल ने कहा, “पार्टी के 21 विधायकों और आजसू पार्टी, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक ने राजग समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के पक्ष में मतदान किया।”
नाथवानी ने अपनी जीत पर भरोसा जताते हुए कहा, “मुझे सभी पार्टियों का समर्थन है और जीत का भरोसा है। शाम तक सब स्पष्ट हो जाएगा।”
जद (यू) नेता राय ने कहा कि उन्होंने राजग समर्थित उम्मीदवार को वोट दिया है। जब उनसे नाथवानी की जीत को लेकर पूछा गया, तो राय ने कहा, “यह मेरा विषय नहीं है। मैं अपने वोट के बारे में जानता हूं, जो मैंने उन्हें दिया है।”
राजद के विधायक सुरेश पासवान ने दावा किया कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।
कांग्रेस मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि उनके पास पर्याप्त संख्या बल है और उन्होंने राज्यसभा की दोनों सीट पर जीत को लेकर विश्वास जताया।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं, जो संसद के उच्च सदन में एक सीट सुरक्षित करने के लिए 81 सदस्यीय विधानसभा में आवश्यक न्यूनतम 28 प्रथम-वरीयता मतों से चार कम है।
झामुमो और कांग्रेस सहित सत्तारूढ़ गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सदन में 56 सदस्य हैं।
झामुमो के बैद्यनाथ राम के आसानी से जीत हासिल करने की उम्मीद है क्योंकि राज्य विधानसभा में पार्टी के 34 सदस्य हैं।
‘इंडिया’ के अन्य घटक दलों में कांग्रेस के पास 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के पास दो विधायक हैं।
सभी की निगाहें दूसरी सीट पर है, जिसमें कांग्रेस के झा और राजग समर्थित नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
राजग के 24 विधायकों में भाजपा के 21 और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।
मतदान से पहले अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए सत्तारूढ़ और विपक्षी दोनों खेमों ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
राजग विधायकों को मंगलवार को रांची के एक होटल में स्थानांतरित कर दिया गया था, जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन ‘इंडिया’ क्रॉस-वोटिंग की आशंकाओं को खत्म करने के लिए अपने विधायकों के साथ बैठकें करने में व्यस्त रहा।
भाषा जोहेब अमित
अमित