तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी, मतदान केंद्रों में भारी भीड़

Ads

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी, मतदान केंद्रों में भारी भीड़

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 10:17 AM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 10:17 AM IST

(तस्वीरों सहित)

चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ, और राज्य भर में मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है।

इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), मुख्य विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेष कषगम (अन्नाद्रमुक) और अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के बीच है।

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (चेन्नई), अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और भाजपा उम्मीदवार डॉ. तमिलिसाई सौदरराजन और एनटीके के शीर्ष नेता सीमन शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे।

अभिनेता रजनीकांत ने यहां स्टेला मैरिस कॉलेज में अपना वोट डाला। इसी तरह, अभिनेता-राजनेता और टीवीके के संस्थापक विजय ने वेल्स इंटरनेशनल स्कूल में अपना वोट डाला।

केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने चेन्नई में लंबी कतार में खड़े रहने के बाद मतदान किया। इसी तरह, भाजपा नेता खुशबू ने अपने फिल्म निर्माता पति सुंदर सी के साथ यहां मतदान किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने विरुगंबक्कम में वोट डाला, जो मदुरवॉयल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों से बढ़चढ़ कर मतदान करने की अपील की है।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मैं सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पवित्र पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करता हूं। मैं तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील करता हूं।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से ऐसी सरकार चुनने की अपील की जो ‘‘उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए काम करे, न कि ऐसी सरकार जो अपने परिवार की महत्वाकांक्षाओं के लिए काम करे।’’

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमिलनाडु के लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘तमिलनाडु व्यापक भ्रष्टाचार और हिंसा से ग्रस्त है। कभी यह संतों की भूमि रही है और अब सांस्कृतिक पहचान के संकट का सामना कर रही है। मुझे विश्वास है कि तमिलनाडु के लोग ऐसी सरकार का चुनाव करेंगे जो विकास और सांस्कृतिक प्रगति सुनिश्चित करे। अपना वोट डालें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।’’

एएमएमके नेता टी टीवी दिनाकरन, अभिनेता-राजनेता और एमएनएम के संस्थापक कमल हासन के साथ उनकी बेटी श्रुति हासन, डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत, पीएमके नेता डॉ. अंबुमणि रामदास ने भी चेन्नई में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा, तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागई ने भी अपना वोट डाला।

तमिलनाडु के मतदाताओं की संख्या 5.73 करोड़ है और वे 33,133 स्थानों पर स्थित 75,064 मतदान केंद्रों पर 4,023 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करने के लिए मतदान करेंगे।

कुल मतदाताओं में 2.93 करोड़ महिलाएं, 2.83 करोड़ पुरुष और 7,728 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

मतदान में 1,06,418 मतदान इकाइयों के साथ-साथ 75,064 नियंत्रण इकाइयां और वीवीपीएटी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार किसी भी तकनीकी खामी से होनी वाली देरी से बचने के लिए अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपीएटी रखी गई हैं।

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 300 कंपनियों को 83,875 राज्य पुलिस कर्मियों के साथ तैनात किया गया है।

चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि लोगों की सुविधा के लिए पीने का पानी, शौचालय, हेल्प डेस्क, उचित ढलान वाले रैंप, व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

भाषा शोभना वैभव

वैभव