देहरादून में राहुल के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में
देहरादून में राहुल के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में
देहरादून, 16 जुलाई (भाषा) देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने के बीच पार्टी नेताओं ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उत्तराखंड सरकार छात्रों को आयोजन में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र इसमें हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर शुक्रवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और उत्तराखंड में पार्टी मामलों के सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद थे।
आयोजन स्थल का जायजा लेने के बाद गोदियाल ने कहा कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे राहुल के विचार सुनने के लिए शाम पांच बजे बन्नू स्कूल मैदान जरूर पहुंचें।
गोदियाल ने कहा कि देशभर में राहुल के विचारों का लोगों पर मंत्रों की तरह असर हो रहा है, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार डरी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देहरादून में भी कार्यक्रम में बाधा डालने की पूरी कोशिश की जा रही है, लेकिन राज्य सरकार राहुल को लोगों के बीच जाने और उनसे जुड़ने से नहीं रोक सकेगी।
राहुल का छात्रों के साथ संवाद से जुड़ा यह कार्यक्रम पहले परेड ग्राउंड में होना था, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति ले ली गई थी।
हालांकि, गोदियाल ने कहा कि प्रशासन ने मैदान में पहले से जारी एक कार्यक्रम का विस्तार 17 जुलाई तक हो जाने का बहाना बनाकर राहुल के कार्यक्रम को मिली अनुमति रद्द कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राज्य सरकार के दबाव में यह कदम उठाया।
गोदियाल ने घोषणा की कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रावत ने आरोप लगाया कि राहुल के कार्यक्रम में बड़ी भीड़ जमा होने से रोकने के लिए सरकार ने यह चाल चली। उन्होंने बताया कि चार लाख से अधिक लोगों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करवाया है।
रावत ने कहा कि अगर उनमें से लगभग 20-25 हजार छात्र भी आते हैं, तो बन्नू स्कूल मैदान की इतनी क्षमता नहीं है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि भाजपा ने जानबूझकर ऐसा किया है। परेड ग्राउंड खाली है। वहां कोई मेला नहीं लगा है। मेले की जगह अलग है और हमारे कार्यक्रम की जगह अलग थी।”
रावत ने कहा कि यह राहुल के कार्यक्रम को नाकाम करने की नहीं, बल्कि “प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने” का प्रयास है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राज्य में स्कूल-कॉलेज के छात्रों को राहुल के कार्यक्रम में शामिल होने से रोक रही है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा इसमें हिस्सा लेंगे।
राहुल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह देहरादून जा रहे हैं, क्योंकि ‘देवभूमि’ को प्रश्नपत्र लीक का ‘एपिसेंटर’ (केंद्र) बना दिया गया है।
उन्होंने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) समेत अन्य परीक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा, “यहां एक ऐसा ‘सिस्टम’ बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल या कोई और पद काबिलियत से नहीं, अपराधियों के तय किए गए ‘रेट’ से मिलता है।”
भाषा
दीप्ति पारुल
पारुल

Facebook


