राष्ट्रपति समेत कई हस्तियों ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी
राष्ट्रपति समेत कई हस्तियों ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और कहा कि उनका असाधारण प्रदर्शन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को जापान के निशिन में एकतरफा खिताबी मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी श्रीलंका को 147 रन से हराकर एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘एशियाई खेल 2026 में महिला टी20 क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने पर टीम इंडिया के सभी सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई। आपकी ऐतिहासिक जीत ने खेलों के इस संस्करण में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया और देश को गौरवान्वित किया।’
उन्होंने कहा, ‘आपका असाधारण प्रदर्शन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प हमारे युवाओं, खासकर हमारी बेटियों के लिए अत्यंत प्रेरणास्रोत हैं।’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारतीय महिला क्रिकेटरों ने स्वर्ण पदक जीतकर समापन किया। पिच पर बेजोड़ कौशल और अदम्य प्रभुत्व के चकाचौंध भरे प्रदर्शन के साथ एशियाई खेलों में पहला स्वर्ण पदक लाने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। आप हमेशा विजयी रहें।’
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और कहा कि इस उपलब्धि ने भारतीय खेल के इतिहास में एक और शानदार अध्याय जोड़ दिया है।
पवार ने एक बयान में कहा, ‘भारत की बेटियों ने दृढ़ संकल्प, लगन और शानदार टीम वर्क के साथ गौरवान्वित करने वाला और सराहनीय प्रदर्शन किया।”
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


