राष्ट्रपति मुर्मू राजकोट एम्स और गांधीनगर आरआरयू के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी

Ads

राष्ट्रपति मुर्मू राजकोट एम्स और गांधीनगर आरआरयू के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 06:09 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 06:09 PM IST

अहमदाबाद, 11 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 अप्रैल को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर आएंगी और इस दौरान राजकोट तथा गांधीनगर में दो संस्थानों के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 13 अप्रैल को राष्ट्रपति अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) राजकोट का दौरा करेंगी, जहां वह मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी।

उन्होंने कहा कि इस समारोह के दौरान, 2020 में दाखिला लेने वाले एमबीबीएस के पहले बैच के छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी।

संस्थान द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 49 छात्रों को एमबीबीएस की डिग्री प्रदान की जाएगी जबकि एक छात्र को विषाणु विज्ञान में ‘पोस्ट-डॉक्टोरल सर्टिफिकेट’ से सम्मानित किया जाएगा।

विज्ञप्ति में कहा गया कि मेधावी छात्रों को चार स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 10 पदक प्रदान किए जाएंगे।

संस्थान ने बताया कि कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और गुजरात के स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया सहित अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

राष्ट्रपति 14 अप्रैल को गांधीनगर में स्थित एवं गृह मंत्रालय के अधीन संचालित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) के पांचवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

यह कार्यक्रम लावाड गांव के पास स्थित विश्वविद्यालय परिसर में शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा। आरआरयू ‘राष्ट्रीय महत्व का संस्थान’ है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति गुजरात दौरे के दौरान गांधीनगर स्थित लोक भवन (राज्यपाल निवास) में रुकेंगी।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल