नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के सूरत जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
सूरत के बारडोली शहर के पास महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो बसों के बीच हुई टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर हिंदी में की गई एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के सूरत जिले में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। मैं इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘गुजरात के सूरत जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव अभियान जारी है और अधिकारी दुर्घटनास्थल पर हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।’
उन्होंने यह भी घोषणा की कि ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
भाषा
सुमित माधव
माधव