प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने कामराज की 124वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने कामराज की 124वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
चेन्नई, 15 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय सहित कई अन्य नेताओं ने बुधवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के कामराज की 124वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “थिरु के कामराज जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। वह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का एक प्रमुख चेहरा और उत्कृष्ठ जन-नेता थे। उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र-निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा, समावेशी विकास और वंचितों के कल्याण जैसे क्षेत्रों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती है।”
वहीं, आर्लेकर ने कहा, “कामराज की जयंती के अवसर पर मैं उस दूरदर्शी नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने तमिलनाडु में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए बड़े बदलाव की नींव रखी।”
उन्होंने कहा, “कामराज की ओर से शुरू की गई मध्याह्न भोजन योजना जैसी अग्रणी पहलों ने लाखों बच्चों को स्कूलों की ओर खींचा और शिक्षा के लिहाज से सबसे पिछड़े समुदायों के लिए भी सीखने का रास्ता खोला।”
आर्लेकर ने कहा, “कामराज ने स्कूल के बुनियादी ढांचे और शिक्षा पद्धतियों में जो सुधार पेश किए, उन्होंने तमिलनाडु में विकास और सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी।”
इस मौके पर विजय ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ यहां अन्ना सलाई स्थित कामराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “महान दूरदर्शी, गरीबों के सच्चे साथी और प्रख्यात नेता के कामराज की जयंती पर उनके त्याग और योगदान को नमन करता हूं। उन्होंने तमिलनाडु के हर गांव में स्कूल स्थापित किए, सभी के लिए शिक्षा के द्वार खोले और गरीब बच्चों की भूख मिटाने के लिए मध्याह्न भोजन योजना शुरू की।”
विजय ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के अलावा कामराज ने जलाशय और बड़े उद्योग भी स्थापित किए, जिससे कृषि और औद्योगिक विकास के जरिये तमिलनाडु के लोगों का जीवन बदला।
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि आज महान नेता कामराज की जयंती है, जिन्होंने तमिलनाडु के विकास के लिए अथक प्रयास किए।
उन्होंने कहा, “कामराज ने तमिलनाडु में बंद पड़े 6,000 से ज्यादा स्कूलों को फिर से खुलवाया और मध्याह्न भोजन, मुफ्त वर्दी तथा पाठ्यपुस्तकों के जरिये शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान दिया। औद्योगिक विकास और बांधों के निर्माण के लिए किए गए उनके काम से तमिलनाडु में बुनियादी ढांचे का भी जबरदस्त विकास हुआ।”
कामराज की 124वीं जयंती के मौके पर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) 13 से 19 जुलाई तक विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
टीएनसीसी अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने बताया कि इस दौरान कामराज की शानदार विरासत को नमन करने के साथ-साथ ‘लंजाम थवीर, नेन्जाम निमिर’ (भ्रष्टाचार छोड़ो, गर्व से से डटे रहो) नामक भ्रष्टाचार विरोधी जन-आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव ईके पलानीस्वामी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने भी कामराज को श्रद्धांजलि दी।
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


