कोच्चि, आठ मार्च (भाषा) कोच्चि के अलुवा में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम करीब 7.15 बजे अलुवा और अंगमालि रेलवे स्टेशनों के बीच हुई।
अधिकारियों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम और मंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका गया। इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। हालांकि, ट्रेन को मामूली नुकसान पहुंचा है।
आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि घटना स्थल के पास रहने वाले स्थानीय निवासियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
आरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस भी इस घटना की अलग से जांच कर रही है।
पिछले महीने भी इसी तरह की एक घटना के संबंध में कन्नूर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी