सहारनपुर (उप्र), 30 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर पुलिस ने हज यात्रा की व्यवस्था करने के नाम पर एक न्यायाधीश से 23.99 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो कथित साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
साइबर अपराध पुलिस के अनुसार, लखनऊ स्थित ‘अल फहद टूरिज्म कंपनी’ से जुड़े आरोपी ने हज की सुविधा मुहैया कराने का वादा करके ऑनलाइन धन एकत्र किया था, लेकिन कोई भी व्यवस्था नहीं की और बाद में संपर्क से भी बचने लगा।
एक न्यायाधीश को जब इस बात का एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उन्होंने साइबर अपराध पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कहा कि कंपनी के पास ऐसी यात्रा सेवाएं मुहैया कराने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देश के बाद, निरीक्षक इंद्रेश सिंह के नेतृत्व में एक साइबर अपराध टीम ने जांच शुरू की और दो आरोपियों ओसामा रशीदी और इजाज अहमद को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि कंपनी के निदेशक आमिर रशीदी और एक अन्य सहयोगी सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और शेष संदिग्धों को गिरफ्तार करने और धोखाधड़ी की राशि की वसूली के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
अधिकारियों ने जनता को साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ ओटीपी साझा करने से बचने और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की सलाह दी है।
भाषा सं जफर शोभना
शोभना