नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) को बीते वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 221 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ।
नवी मुंबई हवाई अड्डे सहित हाल ही में शुरू हुई परियोजनाओं के मूल्यह्रास के कारण कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है।
एईएल को वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में 3,845 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
कंपनी ने कहा कि उसकी आय पर नवी मुंबई हवाई अड्डा और तांबा संयंत्र जैसी हाल में चालू की गई परिसंपत्तियों पर मूल्यह्रास का असर पड़ा है।
हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 9,339 करोड़ रुपये रहा।
चौथी तिमाही में कंपनी की कुल आय 20 प्रतिशत बढ़कर 33,187 करोड़ रुपये रही, जबकि पूरे वित्त वर्ष में यह तीन प्रतिशत बढ़कर 1.03 लाख करोड़ रुपये रही।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि कंपनी ने अनुशासित संचालन और स्थिर कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) के साथ लगातार प्रगति जारी रखी है।
उन्होंने कहा कि अब कर पूर्व आय का बड़ा हिस्सा ‘कोर इंफ्रास्ट्रक्चर’ आधारित व्यवसायों और स्थिर खनन सेवाओं से आ रहा है, जो कंपनी के परिचालन ढांचे की परिपक्वता और विस्तार को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने कई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिनमें नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गुवाहाटी हवाई अड्डा और गंगा एक्सप्रेसवे शामिल हैं।
गौतम अदाणी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत की वृद्धि दर बढ़ रही है, कंपनी का ध्यान वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बुनियादी ढांचा व्यवसायों के निर्माण और विस्तार पर रहेगा।
भाषा
योगेश रमण
रमण