सिक्किम सुरंग हादसा स्थल पर बचाव अभियान में मदद कर रही है परियोजना टीम : पटेल इंजीनियरिंग

सिक्किम सुरंग हादसा स्थल पर बचाव अभियान में मदद कर रही है परियोजना टीम : पटेल इंजीनियरिंग

सिक्किम सुरंग हादसा स्थल पर बचाव अभियान में मदद कर रही है परियोजना टीम : पटेल इंजीनियरिंग
Modified Date: July 21, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: July 21, 2026 9:26 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) सिक्किम में जिस सुरंग के ढहने की घटना हुई, उसका निर्माण कार्य करने वाली कंपनी पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड (पीईएल) ने मंगलवार को कहा कि उसकी परियोजना टीम फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए आपदा प्रतिक्रिया बलों और स्थानीय प्रशासन के साथ काम कर रही है।

सोमवार को सिक्किम के नामची जिले में भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सुरंग ढह गई थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी।

समरडुंग के झोलुंगे में एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की एडीआईटी-3 सुरंग के अंदर परियोजना अधिकारियों और श्रमिकों समेत कुल 25 लोग फंस गए थे।

पटेल इंजीनियरिंग ने एक बयान में इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हमारी परियोजना टीम जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचनबल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), स्थानीय अधिकारियों और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय में काम कर रही है, ताकि जारी बचाव अभियान में सहायता की जा सके।’’

कंपनी ने कहा कि बचाव प्रयासों के लिए सभी आवश्यक संसाधन, उपकरण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

साथ ही, उसकी साइट इंजीनियरिंग टीम अधिकारियों के साथ चौबीसों घंटे काम कर रही है, ताकि सुरंग को स्थिर किया जा सके और बचाव दल प्रभावित स्थान तक पहुंच सके।

कंपनी ने कहा, ‘‘इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।’’

भाषा रंजन दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में