दिल्ली में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने से ‘प्रॉपर्टी डीलर’ की मौत

दिल्ली में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने से 'प्रॉपर्टी डीलर' की मौत

दिल्ली में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने से ‘प्रॉपर्टी डीलर’  की मौत
Modified Date: March 17, 2026 / 02:55 pm IST
Published Date: March 17, 2026 2:55 pm IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में पिस्तौल में गोली भरने की सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान एक ‘प्रॉपर्टी डीलर’ की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पवन कुमार ने रील बनाते समय गलती से पिस्तौल अपने सीने पर चला दी जिससे उसकी मौत हो गई। यह रील उसके रिश्ते के भाई हिमांशु रिकॉर्ड कर रहा था।

पुलिस के अनुसार दल्लूपुरा गांव का निवासी पवन प्रॉपर्टी डीलर था और उसने पहली बार हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल को पकड़ी थी।

पुलिस ने बताया कि 16 मार्च को न्यू अशोक नगर थाने को वसंधुरा एन्क्लेव में स्थित धर्मशिला अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गोली लगने से घायल होने के बाद भर्ती कराया गया है।

अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि दल्लूपुरा गांव के निवासी पवन कुमार को सीने के बाईं ओर गोली लगी थी और उसे अचेत अवस्था में वहां भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गोली चलाए जाने के दौरान हिमांशु वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, हालांकि ऐसा प्रतीत होता है कि उसे पवन के इरादों की जानकारी नहीं थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए घटना के वीडियो में पवन को लाइसेंसी पिस्तौल में गोली डालते देखा जा सकता है जबकि हिमांशु उसे पिस्तौल में गोली भरने के तरीके के बारे में बता रहा है और गोली न चलाने की चेतावनी देते हुए सुनाई दे रहा है।

कुछ ही पल बाद पवन ने पिस्तौल को अपने सीने के बाईं ओर रखा और फिर गोली चला दी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।

वीडियो में दिख रहा है कि इससे हैरान हिमांशु ने कहा, ‘ये क्या कर दिया तुमने?’

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि पिस्तौल हिमांशु की है। वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, पिस्तौल और 10 कारतूस जब्त कर लिए गए हैं। साथ ही घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य भी एकत्रित कर लिए गए हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में