जामिया में आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन

Ads

जामिया में आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 07:20 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) जामिया मिल्लिया इस्लामिया के 50 से अधिक छात्रों ने मंगलवार को परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।

दिल्ली पुलिस और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की भारी मौजूदगी के बीच छात्र ‘जामिया हमारा विश्वविद्यालय है, आपकी शाखा नहीं’ और ‘हमारे परिसर के भगवाकरण को अस्वीकार करें’ लिखे हुए पोस्टर पकड़े हुए थे और परिसर में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे।

विरोध प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘आरएसएस अपने मुख्य अतिथि को कई प्रवेश द्वारों में से किसी एक से सभागार के अंदर ले जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम सभागार के ठीक बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।’

‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा) जैसे वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने वहां मौजूद आरएसएस पदाधिकारियों से परिसर को तुरंत छोड़ने का आग्रह किया।

आरएसएस का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘युवा कुंभ’ का हिस्सा है। यह प्रदर्शन जामिया की एसएफआई इकाई द्वारा कार्यक्रम पर आपत्ति जताने और इसे ‘प्रत्यक्ष उकसावा’ करार देने के एक दिन बाद हुआ है।

आइसा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और जामिया के छात्र सैयद ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भेदभावपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘यह वही जामिया है, जहां अन्य छात्र समूहों को सुरक्षा हस्तक्षेप के बिना चर्चा करने की भी अनुमति नहीं है, लेकिन आरएसएस को वातानुकूलित हॉल में पूरा कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी गई है।’

उन्होंने कहा कि छात्र भविष्य में भी इसी तरह की घटनाओं का विरोध करते रहेंगे ताकि ‘अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा’ कर सकें।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही तस्वीरों में राष्ट्रीय राजधानी में तापमान अधिक होने के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र चिलचिलाती गर्मी सहन करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 से अधिक कॉलेज परिसरों में ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर इसी तरह के प्रदर्शन के कुछ महीनों बाद हुआ है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप