मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि राज्य सचिवालय (मंत्रालय) में पेयजल टैंक में एक बिल्ली के गिरकर मरने की खबर ‘पूरी तरह से झूठी’ है।
विभाग ने कहा कि सोशल मीडिया मंचों और मंत्रालय के कर्मचारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश प्रसारित हो रहा था कि एक बिल्ली पानी की टंकी में गिर गई और उसकी मौत हो गई।
इसमें कहा गया, ‘पिछले कुछ दिनों में मुख्य और विस्तारित भवनों की छतों पर स्थित सभी पानी की टंकियों का निरीक्षण किया गया। 10 से 12 फुट ऊंची इन टंकियों पर लोहे के भारी ढक्कन लगे हुए हैं और हर समय बंद रहती हैं।’
विभाग ने बताया कि छत तक पहुंच प्रतिबंधित है और प्रवेश द्वार बंद रहता है, जिससे किसी भी जानवर के लिए टैंकों में प्रवेश करना या गिरना असंभव है।
पानी की टंकियों के साथ-साथ मंत्रालय परिसर की सप्ताहांत में सफाई और जांच के बाद इस तरह की किसी भी घटना की संभावना से इनकार किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया, ‘कोई भी बिल्ली पानी की टंकी में गिरी नहीं है और न ही उसमें मरी है। वायरल हो रहा संदेश पूरी तरह से झूठा है,’ ।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप