नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता पिनराई विजयन के स्वतंत्रता दिवस समारोहों में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाने के विरोध को लेकर रविवार को उनकी आलोचना की और आरोप लगाया कि उनका रुख ‘‘राजनीतिक पूर्वाग्रह से प्रभावित’’ है।
इससे एक दिन पहले, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता विजयन ने मुख्य सचिव के उस आदेश को वापस लेने की मांग की, जिसमें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को पूरा गाने का निर्देश दिया गया था। विजयन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंडे के सामने झुक रही है।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में विजयन पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान और उसके बाद ‘वंदे मातरम्’ ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘स्वतंत्रता संग्राम के दौरान और उसके बाद वंदे मातरम् ने भारत माता की पीढ़ियों को प्रेरित किया। पिनराई विजयन द्वारा इसे ‘आरएसएस का एजेंडा’ बताना उनके राजनीतिक पूर्वाग्रह को दर्शाता है।’’
बंसल ने विजयन पर राष्ट्रीय विरासत से ऊपर विचारधारा को रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमारे स्वतंत्रता आंदोलन के एक महान प्रतीक को भी संकीर्ण नजरिये से देखा जाता है, तो समस्या ‘वंदे मातरम्’ में नहीं, बल्कि उन लोगों में है जो राष्ट्रीय विरासत के ऊपर विचारधारा को चुनते हैं।’’
भाषा आशीष अमित
अमित