जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहेंगे: फारूक अब्दुल्ला

Ads

जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहेंगे: फारूक अब्दुल्ला

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 01:23 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 01:23 PM IST

श्रीनगर, छह अगस्त (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि पांच अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने के लिए उठाए गए कदम असंवैधानिक थे और इसकी बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहेंगे।

अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सब जानते हैं कि पांच अगस्त, 2019 को जो हुआ, वह असंवैधानिक था। इसलिए आज पूरे देश में इसका विरोध हो रहा है। आपने कल संसद में भी विरोध प्रदर्शन देखा। यह आगे भी जारी रहेगा।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करते हुए तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य का विशेष संवैधानिक दर्जा समाप्त कर दिया था और उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों… जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख में विभाजित कर दिया था।

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की नीति के बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी कोई अलग नीति नहीं है। नेशनल कॉन्फ्रेंस की इस मुद्दे पर स्पष्ट नीति है।’’

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा कि इसका जवाब महबूबा मुफ्ती स्वयं दे सकती हैं।

बुधवार को अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के सात साल पूरे होने पर जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन और जश्न दोनों देखने को मिले। नेशनल कॉन्फ्रेंस और विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने केंद्र शासित प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन कर तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य का विशेष दर्जा बहाल करने की मांग की।

भाषा मनीषा माधव

माधव