पुडुचेरी: राहुल गांधी का नकली दवा मामले में राजग पर निशाना, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा

Ads

पुडुचेरी: राहुल गांधी का नकली दवा मामले में राजग पर निशाना, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 06:27 PM IST

पुडुचेरी, छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पुडुचेरी की एआईएनआरसी-भाजपा सरकार पर कथित नकली दवा उत्पादन को लेकर तीखा हमला बोला और कहा कि यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि एक जानलेवा कृत्य है।

उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए ‘‘30 प्रतिशत कमीशन’’ तथा ‘‘शराब लाइसेंस राज’’ का आरोप भी लगाया।

आगामी नौ अप्रैल को होने वाले पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए यहां एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस नीत गठबंधन की सरकार बनी, तो केंद्रशासित प्रदेश में महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ़्त कर दी जाएगी और बेरोज़गार युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

उन्होंने वादा किया कि निजी और सरकारी क्षेत्रों में 30,000 नयी नौकरियाँ पैदा की जाएंगी, सरकारी नौकरियों के लिए ऊपरी आयु सीमा को बढ़ाकर 40 साल तक कर दिया जाएगा और हर परिवार को 20 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा।

गांधी ने कहा, ‘‘यह बिल्कुल स्पष्ट है कि पुडुचेरी की सरकार यहाँ की जनता की अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि वास्तव में इसे दिल्ली से थोपा गया है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्रशासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि भाजपा ‘‘रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाती है’’, लोगों की इच्छा और क्षेत्रीय नेताओं की अनदेखी करती है, और कोई भी स्थानीय निकाय चुनाव नहीं होने दिया जाता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुडुचेरी के लोगों को अपनी सरकार में आवाज़ मिलनी चाहिए।

गांधी ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि पुडुचेरी पर किसी उपराज्यपाल का शासन हो, जैसे कोई राजा शासन करता है। हम चाहते हैं कि पुडुचेरी के लोग ही इस खूबसूरत राज्य पर शासन करें। इसीलिए हम पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पुडुचेरी में सत्ता में आने के छह महीने के भीतर हम स्थानीय निकाय चुनाव करवाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि जब स्थानीय चुनाव होंगे, तो इससे पुडुचेरी में नेताओं की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद मिलेगी।

गांधी ने अपील की, ‘‘कृपया हमारे उम्मीदवारों का समर्थन करें-कांग्रेस के उम्मीदवारों का और गठबंधन के उम्मीदवारों का। आइए, पुडुचेरी में ऐसी सरकार बनाएं जो यहां की जनता की सच्ची आवाज़ का प्रतिनिधित्व करे।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जीवंत औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र अब पूरी तरह से पतन की ओर अग्रसर हैं तथा सैकड़ों कारखाने बंद हो चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि पुडुचेरी उद्योगपति अदाणी का हो जाए, और रणनीतिक महत्व वाला कराईकल बंदरगाह पहले ही उन्हें बेच दिया गया है।

गांधी ने कहा, ‘‘और उन्होंने (अदाणी) ‘अदाणी इलेक्ट्रिसिटी पुडुचेरी लिमिटेड’ को शामिल किया है, जो यह दर्शाता है कि आपकी बिजली भी उन्हें ही दी जाने वाली है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज पुडुचेरी नकली दवाओं के मामले में सबसे आगे है; यहां बड़े पैमाने पर नकली दवाएं बनाई जा रही हैं, लेकिन केंद्रशासित प्रदेश की सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।’’

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि नकली दवा बनाना सिर्फ भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि यह एक तरह की ‘‘हत्या’’ है, क्योंकि ये नकली दवाएं पूरे देश में पहुंचाई गईं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर कोई इस बात से वाकिफ है कि इस केंद्रशासित प्रदेश में दिए जाने वाले सभी ठेकों पर ‘‘30 प्रतिशत कमीशन’’ लिया जा रहा है।

गांधी ने कहा कि पुडुचेरी की राजग सरकार ‘‘शराब लाइसेंस राज’’ चला रही है, और शराब के लाइसेंस कमीशन लेकर बेचे जाते हैं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने राजग पर हमला जारी रखते हुए कहा, ‘‘वे लोगों से चोरी करते हैं। लेकिन पुडुचेरी में वे देवताओं से भी चोरी करते हैं। उन्होंने मंदिरों की ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया है और देवताओं का धन चुराया है। कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। लोग रात में बाहर निकलने से डरते हैं। महिलाएं और बच्चे असुरक्षित हैं। खुद उपराज्यपाल ने भी माना है कि राज्य में स्कूली छात्रों के बीच नशीले पदार्थों का सेवन बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्हें पता है कि यह समस्या मौजूद है, फिर भी वे इसके बारे में कुछ नहीं करते।’’

गांधी ने कहा, ‘‘जब भी मैं पुडुचेरी आता हूँ, आप मुझे बहुत ज़्यादा प्यार और स्नेह देते हैं। यह कोई राजनीतिक रिश्ता नहीं है। यह एक बहुत ही गहरा और पुराना रिश्ता है। यह प्यार और आपसी सम्मान का रिश्ता है। और मैं यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ कि पुडुचेरी के लोगों की आवाज़ ही इस खूबसूरत राज्य को चलाए।’’

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश