लुधियाना, 23 अप्रैल (भाषा) पंजाब में बृहस्पतिवार को लुधियाना के तीन निजी स्कूलों और शहर में रेल पटरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। अधिकारियों ने बताया कि ये धमकियां ईमेल के माध्यम से दी गईं।
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि गहन तलाशी के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते तत्काल संबंधित स्कूलों में भेजे गए तथा एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली करा लिया गया।
उन्होंने बताया कि धमकी भरे कई ईमेल में शहर में रेल पटरियों को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद रेलवे पुलिस ने लुधियाना रेलवे स्टेशन पर जांच की।
पुलिस के अनुसार, कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।
यह घटना पिछले कुछ हफ्तों में पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर इसी तरह की धमकियां मिलने के बाद सामने आई है, जहां बाद में ऐसे ईमेल फर्जी पाए गए।
कुछ दिन पहले चंडीगढ़ और पंजाब के बरनाला के कई स्कूलों को भी ऐसी ही धमकी मिली थी, लेकिन वे भी फर्जी साबित हुईं।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव