पंजाब कैबिनेट ने फसलों के नुकसान पर सहायता राशि बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति एकड़ की

Ads

पंजाब कैबिनेट ने फसलों के नुकसान पर सहायता राशि बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति एकड़ की

  •  
  • Publish Date - October 13, 2025 / 10:27 PM IST,
    Updated On - October 13, 2025 / 10:27 PM IST

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (भाषा) पंजाब सरकार ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी, जिनमें जेलों में सुरक्षा बढ़ाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए खोजी कुत्ते तैनात करने का निर्णय भी शामिल है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को फसल नुकसान पर प्रति एकड़ 20,000 रुपये तक मुआवजा देने की मंजूरी दी गई।

प्रवक्ता ने बताया कि जेलों के अंदर से आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) या केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से छह खोजी कुत्ते खरीदे जाएंगे।

प्रवक्ता ने बताया कि कैबिनेट ने खोजी कुत्तों की खरीद को आसान बनाने के लिए पंजाब सार्वजनिक खरीद पारदर्शिता अधिनियम, 2019 की धारा 63(1) के तहत छूट भी दी।

प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों और निवासियों को पर्याप्त राहत प्रदान करने के लिए, कैबिनेट ने मुआवजा दरों में संशोधन को मंजूरी दी। अब किसानों को 26 से 75 प्रतिशत तक फसल के नुकसान पर 10,000 रुपये प्रति एकड़ और 76 से 100 प्रतिशत तक फसल के नुकसान पर 20,000 रुपये प्रति एकड़ मिलेंगे।

आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए मुआवजा 6,500 रुपये से बढ़ाकर 40,000 रुपये प्रति मकान कर दिया गया है।

जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने बताया कि ब्यास और सतलुज समेत नदियों से गाद निकालने के लिए 85 स्थलों की पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि लगभग 190 करोड़ घन फुट रेत निकाली जाएगी, जिससे राज्य को 840 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल होगा।

मंत्रिमंडल ने पंजाब लघु खनिज नियमावली, 2013 में संशोधन को भी मंजूरी दे दी है, जिससे राज्य में प्रवेश करने वाले लघु खनिजों से लदे वाहनों पर शुल्क लगाने की अनुमति मिल जाएगी। इससे अंतरराज्यीय चौकियों की परिचालन लागत को कम करने और उनकी दक्षता में सुधार करने में मदद मिलेगी।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप