पंजाब के किसान दिल्ली में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ रैली में हिस्सा लेंगे

Ads

पंजाब के किसान दिल्ली में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ रैली में हिस्सा लेंगे

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 09:14 PM IST

चंडीगढ़, 20 जुलाई (भाषा) पंजाब के कई इलाकों से किसान 21 जुलाई को दिल्ली में किसान घाट पर भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित रैली में हिस्सा लेंगे। एक किसान नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी।

किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे कई राज्यों के किसान रैली में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे।

यह रैली ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले आयोजित की जा रही है।

पंढेर ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत भारत में सस्ते कृषि उत्पादों के आयात की अनुमति देने से किसानों, खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और देश की कृषि अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित समझौता कुछ ही चीजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें खेती, डेयरी, उद्योग, डिजिटल व्यापार, ई-कॉमर्स, सरकारी खरीद, बौद्धिक संपदा अधिकार और सेवा क्षेत्र भी शामिल हो सकते हैं।

पंजाब के कई किसान संगठनों ने अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से इसे रद्द करने तथा किसानों व आम लोगों के हितों की रक्षा करने का आग्रह किया है।

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल