चंडीगढ़, 14 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से छह पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया मंचों के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और अवैध हथियारों की तस्करी में मदद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वे हथियारों की खेप हासिल करने के बाद उसे पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। उन्होंने बताया कि अमृतसर पुलिस ने उनके पास से छह पिस्तौल भी बरामद की हैं।
उन्होंने कहा कि अमृतसर के छावनी थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यादव ने कहा कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि हथियार कहां से आए और आगे किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।
भाषा सिम्मी अमित
अमित