चंडीगढ़, 21 फरवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर शनिवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार अखबारों में अपने नशा-विरोधी अभियान से जुड़े विज्ञापनों पर पैसे “लुटा” रही है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
सैनी ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों को लेकर भी पंजाब सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में “अब कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं करता है।”
अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ’ रैली में सैनी ने कहा, “जब 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी, तो गैंगस्टर संस्कृति का सफाया हो जाएगा।”
उन्होंने कहा, “मैंने देखा है कि पंजाब में केवल अखबारों में ऐसे विज्ञापन देने पर पैसा खर्च किया जा रहा है, जिनमें दावा किया गया है कि आप सरकार नशीले पदार्थों का खात्मा करेगी और उनके खिलाफ अभियान चलाएगी।”
सैनी ने कहा, “पंजाब में नशीले पदार्थों की बढ़ती आपूर्ति हमारे युवाओं के लिए खतरनाक है।” उन्होंने राज्य के लोगों से विकास और सुशासन के लिए 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने की अपील की।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश