‘पंजाब कोई ट्रक नहीं है’: भाजपा के ‘अब पंजाब में कमल खिलेगा’ वाले बयान पर मान का जवाब
‘पंजाब कोई ट्रक नहीं है': भाजपा के 'अब पंजाब में कमल खिलेगा' वाले बयान पर मान का जवाब
चंडीगढ़, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद पंजाब में ‘कमल’ खिलने का भाजपा द्वारा दावा किये जाने के एक दिन बाद, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा कि पंजाब कोई ट्रक नहीं है, जिसे चलाने की बारी अब किसी और की हो।
मान ने यह भी कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में शायद एक भी सीट नहीं जीत पाए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित, पार्टी की पंजाब इकाई ने सोमवार को कहा कि पार्टी राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल करेगी।
मान ने कहा, ‘पंजाब कोई ट्रक नहीं है जिसे चलाने की बारी अब किसी और की आ गई हो। यह पंजाब है। जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, पंजाब ही सबसे आगे खड़ा होता है।’
उन्होंने कहा कि आज भाजपा को रोकने की जिम्मेदारी पंजाब पर है।
आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा, ‘‘वे दावा करते हैं कि अब पंजाब की बारी है; क्या भाजपा ऐसा कहकर हमें डराने की कोशिश कर रही है? यह उनकी गलतफहमी है। फिलहाल पंजाब में उनके सिर्फ दो विधायक हैं और अगले चुनाव में शायद एक भी न बचे।’’
मुख्यमंत्री मान दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। राष्ट्रपति से इस मुलाकात के दौरान उन्होंने पंजाब के उन छह राज्यसभा सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की मांग की, जो भाजपा में शामिल हो गए थे।
उन्होंने भाजपा पर पंजाब की समस्याओं को हल करने में विफल रहने का आरोप लगाया, जिनमें भाखरा ब्यास प्रबंधन बोर्ड, जल संसाधन, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़, ग्रामीण विकास और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए धन आवंटन जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “क्या उन्होंने पंजाब के हितों का ध्यान रखा है? जब से हमने सख्त बेअदबी रोधी कानून लागू किया है, तब से वे भगवंत मान सरकार को कमजोर करने की बात कर रहे हैं… ‘ऑपरेशन लोटस’ चला रहे हैं या अफवाहें फैला रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के 60-65 विधायक उनके समर्थन में हैं। उन्हें देखना चाहिए कि सभी विधायक यहां मौजूद हैं।”
मान ने कहा कि भाजपा को पांच नदियों की भूमि पंजाब में जीत का सपना भी नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा के “संदिग्ध” चरित्र से भली-भांति परिचित है और वे उसे सबक सिखाएंगे।
मान ने आरोप लगाया कि पंजाब में बार-बार खारिज किये जाने के बीच भाजपा ने राज्य के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाते हुए दलबदल के प्रयासों से भ्रष्टाचार मुक्त सरकार को ‘कमजोर’ करने की हताश कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) अपनी ताकत आम जनता से प्राप्त करती है और सिद्धांतों पर आधारित एक परिवर्तनकारी सोच रखती है। उन्होंने कहा, ‘ऐसी रणनीति से उस लोकतंत्र में राजनीतिक जीत हासिल नहीं की जा सकती जहां पंजाब की जनता सर्वोपरि है… पंजाबी उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।’
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद, मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज दिल्ली में राष्ट्रपति के समक्ष, हमने देश में ‘लोकतंत्र की हत्या’ के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक दलों को असंवैधानिक तरीके से तोड़ना और भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ में दागी नेताओं को साफ करने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हमारे लोकतांत्रिक ढांचे पर सीधा हमला है।”
मान ने कहा कि “ऑपरेशन लोटस” की “शर्मनाक रणनीति” पंजाब में कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा, “हमारे विधायक लाखों पंजाबियों की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और पंजाब की जनता इस तरह के विश्वासघात को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। ‘आपके जनसेवक’ के रूप में, मैं हर पंजाबी को आश्वस्त करता हूं कि जनादेश की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों को कायम रखने के लिए हम अपनी आखिरी सांस तक लड़ेंगे।”
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


