चंडीगढ़, 23 अप्रैल (भाषा) अमृतसर में एक लड़के द्वारा कथित तौर पर बलात्कार किए जाने के कुछ महीनों बाद, जालंधर में एक नाबालिग लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बलात्कार की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने वाली उसकी चाची ने बताया कि नौवीं कक्षा की छात्रा पिछले सात महीनों से जालंधर में अपनी चाची के साथ रह रही थी।
बृहस्पतिवार को फोन पर संपर्क करने पर, फिल्लौर के पुलिस उपाधीक्षक भरत मसीह ने कहा, ‘‘हमने इस मामले में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की है क्योंकि कथित बलात्कार की घटना अमृतसर में हुई थी।’’ उन्होंने बताया कि आरोपी की उम्र 16 वर्ष है।
पीड़िता की चाची ने अपनी शिकायत में कहा कि डेढ़ महीने पहले किशोरी को पेट में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके कारण उसे जालंधर के नूरमहल स्थित एक निजी डॉक्टर के पास जांच के लिए ले जाया गया था। डॉक्टर ने कुछ दवाएं लिखी थीं।
शिकायत में कहा गया है कि 19 अप्रैल को लड़की ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद वह किशोरी को जालंधर के फिल्लौर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गई।
इसमें कहा गया है कि वहां के डॉक्टर ने लड़की को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसे बताया गया कि वह गर्भवती है।
बाद में उसने अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। शिकायत के मुताबिक जब लड़की की चाची ने उससे उसकी गर्भावस्था के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि अमृतसर में उसके मोहल्ले में रहने वाले एक लड़के ने उसके साथ बलात्कार किया था।
पुलिस ने बताया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक पुलिस थाने ने इस मामले में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की है और लड़के के खिलाफ 20 अप्रैल को पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘जीरो एफआईआर’ एक ऐसी प्राथमिकी है जिसे घटना स्थल/अधिकार क्षेत्र की परवाह किए बिना किसी भी पुलिस थाने में दर्ज किया जा सकता है और बाद में इसे उपयुक्त पुलिस थाने में स्थानांतरित किया जा सकता है।
भाषा देवेंद्र धीरज
धीरज