पंजाब: पुलिस ने हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया; तीन पिस्तौल बरामद

Ads

पंजाब: पुलिस ने हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया; तीन पिस्तौल बरामद

  •  
  • Publish Date - January 24, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - January 24, 2026 / 08:55 PM IST

चंडीगढ़, 24 जनवरी (भाषा) पंजाब पुलिस की अमृतसर स्थित काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) शाखा ने शनिवार को एक कथित हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके पास से तीन विदेशी पिस्तौल बरामद कीं।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि तीनों आरोपी अमृतसर जिले के निवासी हैं और उनकी पहचान बागवानपुर निवासी मणि, विछोआ गांव के सहजपाल सिंह व शहजादा गांव के दिलजनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों में दो नौ मिलीमीटर पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल के साथ 15 कारतूस शामिल हैं।

पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल अवैध हथियारों की कथित तौर पर तस्करी के लिए किया जा रहा था।

यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और एक गंभीर आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की कथित तौर पर साजिश रच रहे थे।

उन्होंने मामले का विवरण साझा करते हुए बताया कि वांछित अपराधी मणि और उसके साथियों के पास अवैध हथियार होने व इलाके में आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की साजिश की सूचना मिलने पर पुलिस की टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान चलाया।

अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत उन्हें अमृतसर-फतेहगढ़ चुरियन रोड पर मुरादपुरा गांव की ओर रोका गया।

पुलिस के अनुसार, मणि अक्टूबर 2025 में अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद दर्ज किए गए शस्त्र अधिनियम उल्लंघन के मामले में भी वांछित था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में तस्करी में शामिल लोगों का पता लगाने और संभावित सीमा पार संबंधों की पहचान करने के लिए मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव