पंजाब पुलिस एसआईटी ने मादक पदार्थ मामले में अकाली नेता मजीठिया को तलब किया
पंजाब पुलिस एसआईटी ने मादक पदार्थ मामले में अकाली नेता मजीठिया को तलब किया
चंडीगढ़, 30 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 6,000 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ मामले की जांच के सिलसिले में अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को पांच अक्टूबर को तलब किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी ने पंजाब पुलिस के बर्खास्त किए गए अधिकारी जगदीश भोला को भी उसी दिन पूछताछ के लिए बुलाया है।
एसआईटी करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ रैकेट मामले में मजीठिया और भोला से पहली बार आमने-सामने पूछताछ कर सकती है।
जगदीश भोला पहलवान भी रह चुके हैं। उन्हें नवंबर 2013 में पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थ गिरोह मामले में गिरफ्तार किया था।
इसके बाद 2014 में भोला ने मादक पदार्थ गिरोह में मजीठिया का नाम लिया था, हालांकि अकाली नेता ने इस आरोप का सिरे से नकार दिया था।
बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत इस मामले की जांच की थी।
ईडी अधिकारियों ने 2014 में तत्कालीन अकाली सरकार में मंत्री रहते हुए मजीठिया से पूछताछ की थी।
मजीठिया के खिलाफ 20 दिसंबर 2021 को एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस समय चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


