होशियारपुर (पंजाब), 17 अप्रैल (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में केंद्रीय कारागार में बंद एक कैदी की शुक्रवार को अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान अमन लोई के रूप में हुई है, जो होशियारपुर के रविदास नगर इलाके का निवासी था।
कारागार प्रशासन के अनुसार, लोई भारतीय दंड संहिता की धारा 376-डी (सामूहिक दुष्कर्म) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज एक मामले में 10 साल कैद की सजा काट रहा था और पैरोल अवधि पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार शाम को जेल वापस लौटा था।
केंद्रीय कारागार के अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह लोई ने घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्राथमिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए नियमों के अनुसार जांच शुरू कर दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप