चंडीगढ़, 11 जुलाई (भाषा) पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार अपने सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 1,279 बसें और शामिल करेगी, जिससे इस साल के आखिर तक सरकारी बसों की संख्या 2,267 से बढ़कर 3,546 हो जाएगी।
वित्त विभाग का भी प्रभार संभाल रहे चीमा ने प्रेसवार्ता में कहा कि इस विस्तार से राज्य के बस बेड़े में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। उन्होंने इसे दो दशकों से भी अधिक समय में सरकारी बस सेवा में सबसे बड़ा विस्तार होने का दावा किया।
सरकार ने 696 साधारण बसों के लिए ‘ऑर्डर’ दे दिए हैं, जिनमें ‘पनबस’ (पंजाब रोडवेज) के लिए 387 और ‘पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन’(पीआरटीसी) के लिए 309 बसें शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि नवंबर तक लगभग 300 बसें संचालित की जाने लगेंगी, जबकि बाकी बसें दिसंबर तक शामिल कर ली जाएंगी।
चीमा ने बताया कि पीआरटीसी के लिए पहले ही 100 मध्यम आकार की बसें खरीदी जा चुकी हैं, जिन्हें सितंबर तक सेवा में शामिल किए जाने की संभावना है; इससे सीधे खरीदी गई बसों की कुल संख्या 796 हो जाएगी।
सीधे खरीद के अलावा, किलोमीटर योजना के तहत लीज पर 483 और बसें शामिल की जाएंगी।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश