प्रधानमंत्री के ‘हर घर जल’ के दावे दूषित पानी में बह गए: खरगे

Ads

प्रधानमंत्री के ‘हर घर जल’ के दावे दूषित पानी में बह गए: खरगे

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 04:17 PM IST

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात में पेयजल की स्थिति को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “हर घर जल” के दावे दूषित पानी में बह गए हैं।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि गुजरात में 10 में से करीब नौ नमूने पीने योग्य नहीं पाए गए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान शुरू की गई ‘सुजलाम-सुफलाम’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2004 में इसका जोर-शोर से प्रचार किया गया था, लेकिन आज भी राज्य के कई हिस्सों में लोग पानी के लिए परेशान हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद इसी तरह के दावों को ‘जल जीवन मिशन’ के माध्यम से आगे बढ़ाया गया।

उन्होंने दावा किया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट ने वर्ष 2022 में गुजरात में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन के किए गए दावे पर सवाल उठाए हैं और करीब 14 लाख घर अब भी पानी का इंतजार कर रहे हैं।

खरगे ने अहमदाबाद जिले के धोलका में दूषित पानी पीने के कारण 54 लोगों की कैंसर से मौत होने संबंधी हालिया खबर का भी हवाला दिया।

उन्होंने सौराष्ट्र के राजकोट और जामनगर तथा कच्छ-सौराष्ट्र के अन्य इलाकों में पेयजल संकट और किसानों के सूखे से जूझने का दावा किया।

खरगे ने कहा कि गुजरात की जनता को 2047 तक ‘विकसित भारत’ का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन भाजपा के करीब 28 वर्षों के शासन में ‘‘झूठा प्रचार’’ और ‘‘नकली रंगीन तस्वीरें’’ दिखाकर लोगों की आंखों में धूल झोंकी गई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘सुजलाम-सुफलाम’ नाम पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘भाजपा राज में न तो ‘सुजलाम’ यानी शुद्ध पानी है और न ही ‘सुफलाम’ यानी भरपूर उपज और फसल है।’’

भाषा हक

राखी पवनेश

पवनेश