पंजाब: पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी के घर में घुसे अज्ञात लोग, तोड़फोड़ और चोरी

Ads

पंजाब: पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी के घर में घुसे अज्ञात लोग, तोड़फोड़ और चोरी

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 10:21 PM IST

होशियारपुर, 21 मई (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता संतोष चौधरी के होशियारपुर के बाहरी इलाके स्थित घर में अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर घुसकर तोड़फोड़ और चोरी की गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना होशियारपुर-जालंधर रोड पर स्थित पिपलांवाला क्षेत्र में उनके आवास पर हुई। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

चौधरी के मुताबिक, वह बुधवार को जालंधर गई थीं, और शाम करीब 7:30 बजे घर लौटीं। उन्होंने बताया कि घर पहुंचने पर उनके सहयोगी ने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया।

उन्होंने कहा, “घर के अंदर प्रवेश करने पर हमने देखा कि भीतर काफी नुकसान हुआ है, खासकर बाथरूम में।”

कांग्रेस नेता ने बताया कि स्टाफ बाथरूम और ऊपरी मंजिल के दो बाथरूमों में भारी तोड़फोड़ की गई थी। वहां लगे नल, टॉयलेट जेट और अन्य फिटिंग्स या तो तोड़ दिए गए थे या चोरी कर लिए गए थे।

उन्होंने बताया कि नुकसान का अनुमान लगभग 50 हजार से 60 हजार रुपये के बीच है।

घटना पर चिंता जताते हुए चौधरी ने कहा कि यदि एक पूर्व केंद्रीय मंत्री का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो यह आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि वह घर में अकेली रहती हैं और फिलहाल उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा नहीं मिली हुई है, जिसे पहले वापस ले लिया गया था।

भाषा रंजन नरेश

नरेश